भीषण सड़क हादसे से मर्माहत हुए विधायक, अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

भीषण सड़क हादसे से मर्माहत हुए विधायक, अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

डीजे न्यूज, बगोदर, गिरिडीह : बगोदर विधानसभा क्षेत्र के बिहारो गांव सहित आसपास के गांवों के लोगों के साथ हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में कई लोगों की मौत और कई के घायल होने की सूचना के बाद बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो एवं हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद सदर अस्पताल, हजारीबाग पहुंचे।

दोनों विधायकों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही इलाज कर रहे चिकित्सकों से बातचीत कर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और इलाज में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद बगोदर-सरिया एसडीओ को भी आवश्यक कार्रवाई और सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

बताया जाता है कि शव का अंतिम संस्कार करने वाराणसी जा रही सवारी गाड़ी को रास्ते में एक कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी थी। इस भीषण दुर्घटना में लगभग आधा दर्जन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

विधायक नागेंद्र महतो ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस मुश्किल घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए राज्य सरकार से मृतकों के आश्रितों को तत्काल उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर पटेल, विधायक प्रतिनिधि राजू सिंह, जगदीश महतो, रवि सिंह एवं दिलीप साव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top