केंदुआ मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, ग्रामीण खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जेएलकेएम नेता डॉ. सलीम अंसारी और जिप सदस्य साजदा खातून ने किया उद्घाटन, कई गांवों की टीमों ने लिया हिस्सा
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड के केंदुआ पंचायत स्थित केंदुआ मैदान में सोमवार शाम पंचायत स्तरीय नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन जेएलकेएम नेता डॉ. सलीम अंसारी और जिला परिषद सदस्य साजदा खातून ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की कई टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन मुकाबला बिरनी प्रखंड के शाखाबारा और धनवार प्रखंड के वेणुसारण की टीमों के बीच खेला गया। मैच देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण जुटे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जेएलकेएम नेता डॉ. सलीम अंसारी ने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। गांवों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन अवसर और संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में टूर्नामेंट अध्यक्ष यूसुफ अंसारी, सचिव वीरेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष रफीक अंसारी, मुखिया सहदेव यादव, अंटू राय, टिकैत राजमणि सिंह, पंसस सलीम अंसारी, राजेश वर्मा, महेंद्र कुमार यादव, कलीम अंसारी, दयानंद पांडेय, मेहबूब सनम, लतीफ अंसारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।