दिवाली की रात खंडहर मकान बना आग का गोला, 16 घंटे तक मची रही अफरा-तफरी

दिवाली की रात खंडहर मकान बना आग का गोला, 16 घंटे तक मची रही अफरा-तफरी

छह टैंकर पानी से भी नहीं बुझी आग, मकान ध्वस्त करने के बाद मिली राहत; पड़ोसी के घर की दीवार में आई दरार

डीजे,न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : दिवाली की रात बिरनी के सिमराढाब बाजार में एक खंडहर मकान में लगी आग ने लोगों को घंटों दहशत में रखा। प्रखंड मुख्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित बंद मकान में रविवार रात करीब आठ बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि छह टैंकर पानी डालने के बाद भी उस पर काबू नहीं पाया जा सका। आखिरकार मकान को ध्वस्त कर मिट्टी और बालू डालने के बाद सोमवार दोपहर करीब 16 घंटे की मशक्कत से आग बुझाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, जितकुंडी निवासी दिनेश साव, रामचंद्र साव और संजय साव का यह पुराना मकान लंबे समय से बंद और खंडहर अवस्था में था। रविवार रात अचानक मकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें देखकर बाजार के दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन भीषण लपटों के कारण किसी की हिम्मत मकान के भीतर जाने की नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख रामु बैठा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन विभाग और बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज को जानकारी दी। इसके बाद अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। रातभर से सोमवार सुबह तक छह टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया, लेकिन बंद कमरों और अंदर रखे सामान में आग बार-बार सुलग उठ रही थी।

स्थिति को देखते हुए अंततः खंडहर मकान को ध्वस्त करना पड़ा। मकान गिराने के बाद मलबे पर मिट्टी और बालू डालकर आग को पूरी तरह शांत किया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

**पड़ोसी के मकान को भी पहुंचा नुकसान**

आग की तपिश से बगल में स्थित श्यामसुंदर मोदी के मकान की दीवार में दरारें पड़ गईं। आसपास के घरों और दुकानों में रहने वाले लोग पूरी रात अनहोनी की आशंका से परेशान रहे। कई ग्रामीण रातभर जागकर आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। हालांकि राहत की बात रही कि खंडहर मकान बंद होने के कारण अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

**पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका**

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि दिवाली के दौरान छोड़े गए पटाखे की चिंगारी से मकान में आग लगी होगी। मकान मालिक ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है। उन्होंने पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका व्यक्त की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top