कोलकर्मी तुलेश्वर नोनियां के रूप में हुई अज्ञात शव की पहचान
मुराईडीह वर्कशॉप में कार्यरत था
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): बरोरा थाना क्षेत्र के बरोरा चेकपोस्ट से शताब्दी परियोजना होते हुए चिटाही जाने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार को बरामद अज्ञात शव की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के बुदोरा क्वार्टर निवासी बीसीसीएल कर्मी तुलेश्वर नोनियां (58 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एएमपी कोलियरी के मुराईडीह वर्कशॉप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार तुलेश्वर नोनियां गुरुवार सुबह आठ बजे बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। शाम को पैदल घर लौटा। शुक्रवार सुबह फिर पैदल ड्यूटी पर गया, लेकिन रात तक वापस नहीं आया। बाइक कहां छोड़ी, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। शुक्रवार को जब तुलेश्वर घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोशल मीडिया पर शव का फोटो देखकर परिजनों ने पहचान की और बरोरा थाना पहुंचे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है।
बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पूछताछ की जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद होगा। मृतक मूल रूप से गांव अमारी, थाना गोह, जिला औरंगाबाद का निवासी था। वह अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।