बस्ती कुल्ही फीडर की बदहाल बिजली व्यवस्था से भड़के पश्चिमी टुंडी के ग्रामीण 

Advertisements

बस्ती कुल्ही फीडर की बदहाल बिजली व्यवस्था से भड़के पश्चिमी टुंडी के ग्रामीण

 बैठक कर बनाई आंदोलन की रणनीति, विभाग को ज्ञापन सौंपने का निर्णय

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : पश्चिमी टुण्डी क्षेत्र के बस्ती कुल्ही फीडर अंतर्गत लगातार हो रही विद्युत आपूर्ति की अनियमितताओं, बार-बार होने वाली बिजली कटौती तथा खराब मौसम के दौरान लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या को लेकर मनियाडीह स्टेडियम परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता कनक गुप्ता ने की, जबकि संचालन जय प्रकाश दां ने किया।

बैठक में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और विद्युत व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने कहा कि मामूली मौसम परिवर्तन होने पर भी बस्ती कुल्ही फीडर की विद्युत आपूर्ति घंटों, बल्कि कई बार दिनों तक बाधित रहती है। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, कृषि कार्य, छोटे व्यवसाय और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होती है।

बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि पश्चिमी टुण्डी के अन्य क्षेत्रों की तुलना में बस्ती कुल्ही फीडर में बिजली बाधित होने की घटनाएं अधिक होती हैं। इसके कारण उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से बस्ती कुल्ही फीडर की तकनीकी जांच कराने, जर्जर तारों एवं उपकरणों को बदलने तथा विद्युत आपूर्ति को सुचारु और निर्बाध बनाने की मांग की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top