गोधर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, मांस व मिठाई विक्रेताओं से वसूला गया जुर्माना

Advertisements

गोधर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, मांस व मिठाई विक्रेताओं से वसूला गया जुर्माना

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद नगर निगम ने छाताटांड़ अंचल के गोधर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ एवं विशेष जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की चेतावनी दी। अभियान के दौरान मांस और मिठाई विक्रेताओं पर जुर्माना भी लगाया गया।

धनबाद नगर निगम द्वारा मंगलवार को छाताटांड़ अंचल स्थित गोधर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ एवं मांस विक्रेताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। गोधर क्षेत्र में अतिक्रमण, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों को अवरुद्ध नहीं करने का निर्देश दिया गया।

अभियान के दौरान मांस विक्रेताओं को सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि मांस की बिक्री स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए। साथ ही दुकान परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, अपशिष्टों का उचित निस्तारण करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं जनस्वास्थ्य से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।

अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक रजनीश लाल ने किया। इस दौरान एनफोर्समेंट टीम के नोडल नगर प्रबंधक विकास चंद्रा, फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार, करन दास, वेटनरी चिकित्सक डॉ. दीपांजलि, रेवेन्यू इंस्पेक्टर बिट्टू कुमार, छाताटांड़ अंचल के स्वच्छता निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक सहित धनबाद नगर निगम के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान मिठाई एवं मांस विक्रेताओं से कुल 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि भविष्य में यदि निर्धारित मानकों एवं सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं अधिनियमों के तहत आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top