रंगामाटी की राजा बस्ती में आग लगने से टाली का घर जला, हजारों की संपत्ति राख
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर क्षेत्र के रंगामाटी स्थित राजा बस्ती में सनातन हेंब्रम के टाली के घर में आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना बुधवार अहले सुबह तीन से चार बजे के बीच की बताई जाती है।
सूत्रों के अनुसार घर की महिला चूल्हा जलाने के बाद पानी लाने चापाकल पर गई थी। इसी दौरान चूल्हे के पास टंगे कपड़ों में आग लग गई, जिससे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। हल्ला सुनकर घर के लोग बाहर निकले, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से घर में रखे कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना में पीड़ित परिवार को हजारों रुपये की क्षति हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर जेएलकेएम के प्रेम महतो मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित क्षतिपूर्ति एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।