बलियापुर में धार्मिक आयोजनों की धूम

Advertisements

बलियापुर में धार्मिक आयोजनों की धूम

 

मंदिर निर्माण, पुनर्निर्माण और कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद) : बलियापुर क्षेत्र में बुधवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं मंदिर निर्माण का शिलान्यास हुआ तो कहीं मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य में श्रमदान किया गया। वहीं पुनर्निर्मित दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

क्षेत्र के सालपतरा गांव में बुधवार को बजरंगबली मंदिर निर्माण हेतु शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। पंचायत के मुखिया उत्तम चौबे ने मंदिर निर्माण का शिलान्यास किया। मौके पर भाजपा जिला मंत्री आशीष मुखर्जी, गौरांग मंडल, भोलानाथ मंडल, उत्तम मंडल आदि उपस्थित थे।

वहीं बलियापुर क्षेत्र के बाघमारा गांव में सोलह आना काली मंदिर के पुनर्निर्माण के तहत छत ढलाई कार्य में श्रमदान के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य उषा महतो, पंचायत समिति सदस्य संतोष महतो समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मंदिर के छत ढलाई कार्य में भाग लिया।

इधर बलियापुर के सालपतरा गांव में पुनर्निर्मित दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर प्रांगण से कलश लेकर निकली सैकड़ों महिलाएं एवं युवतियां गांव के जोड़िया पहुंचीं, जहां पंडित नटवर बनर्जी ने मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरवाया। इसके बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाएं एवं युवतियां गांव के विभिन्न टोलों का भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचीं, जहां पुजारी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश स्थापना कराई।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, भाजपा नेता धरणीधर मंडल, शैलेंद्र मंडल, आशीष मुखर्जी, प्रदीप उपाध्याय, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, धनंजय मंडल, सारथी मंडल, गौरांग मंडल समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top