विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर मंथन 

Advertisements

विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर मंथन 

डीजे न्यूज, दुमका : भारतीय जनता पार्टी, दुमका द्वारा जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जरमुंडी प्रखंड के कार्यकर्ताओं के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची की गहन समीक्षा, नए मतदाताओं को जोड़ना तथा बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना था।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा दुमका जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि चुनाव की जीत का आधार बूथ होता है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा फर्जी मतदाताओं की पहचान कर उन्हें हटाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भ्रष्टाचार और आदिवासी जमीन से जुड़े मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता के बीच विकास, विश्वास और विरासत का संदेश पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुमका के पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनकल्याण और सुशासन को प्राथमिकता दी है। राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें ऐतिहासिक कदम बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के कारण लाभुकों को बिचौलियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों तक पहुंच रहा है।

कार्यशाला में विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-1, बीएलए-2, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों को मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा वोटर वेरिफिकेशन ऐप के उपयोग संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने “हर बूथ, भाजपा बूथ” के संकल्प के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा, गौरव कांत, जयप्रकाश मंडल, पूनम देवी, मिथिलेश झा, मुरली मंडल, अनूप सिंह, लखीनारायण दत्ता, सुबोध दत्ता, बालकृष्ण पांडेय, नकुल मंडल, दिनेश यादव, विशंभर राव, संदीप पांडेय, प्रशांत दत्त, लाल गोविंद मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top