कदमाहरा छठ तालाब के जीर्णोद्धार में भारी लापरवाही, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Advertisements

कदमाहरा छठ तालाब के जीर्णोद्धार में भारी लापरवाही, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

 

तालाब को बना दिया ‘कुआं’, प्राक्कलन मांगने पर संवेदक खिसका, अब उच्चाधिकारियों से शिकायत की चेतावनी

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : टुंडी के कदमाहरा सार्वजनिक छठ तालाब के जीर्णोद्धार कार्य में कथित अनियमितता और लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। महीनों से चल रहे मिट्टी कटाई कार्य के दौरान तालाब की संरचना को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए प्रबुद्ध जनों ने कार्य करा रही एजेंसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वन लेयर मिट्टी कटाई कर सार्वजनिक उपयोग के इस तालाब को कुएं जैसी शक्ल दे दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई, जिस पर कार्यपालक अभियंता ने संज्ञान लेते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया है। मामला टुंडी प्रखंड मुख्यालय से सटे धनबाद-गिरिडीह मुख्यालय सड़क के किनारे भुरसाबांक स्थित कदमाहरा सार्वजनिक छठ तालाब से जुड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार महीनों से यहां मिट्टी कटाई का कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की गुणवत्ता और प्रकृति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इसी को लेकर कुछ प्रबुद्ध जनों ने तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद संवेदक से बात करने और कार्य की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन संवेदक वहां से कन्नी काटकर निकल गया। इसके बाद उपस्थित मुन्शी से कार्य संबंधी जानकारी तथा प्राक्कलन की प्रति दिखाने की मांग की गई, लेकिन उसने भी इस संबंध में अनभिज्ञता जाहिर कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने विभागीय कार्यपालक अभियंता से मोबाइल पर संपर्क किया। कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि विभागीय जूनियर इंजीनियर अगले दिन कार्यस्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से रूबरू होंगे तथा प्राक्कलन के अनुसार कार्य की प्रकृति की जानकारी देंगे।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे अपनी समस्या को लिखित रूप में उच्च पदाधिकारियों के समक्ष रखकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे। मौके पर टुंडी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मोदक, सुबोध कुमार, प्रवीण जायसवाल, भवानी शंकर भगत, रमाशंकर पांडे, मनोज कुशवाहा, लखन कुमार, मनोज कुमार सिंह, राजकुमार चौधरी, मुकेश सिंह आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top