अब गांव में ही होगा भूमि विवादों का समाधान, विशेष राजस्व शिविरों का शुभारंभ

Advertisements

अब गांव में ही होगा भूमि विवादों का समाधान, विशेष राजस्व शिविरों का शुभारंभ

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम लोगों को भूमि एवं राजस्व संबंधी सेवाएं उनके गांव और पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर मंगलवार से जिले के विभिन्न अंचलों में हल्कावार विशेष राजस्व शिविरों का आयोजन शुरू किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

शिविरों में दाखिल-खारिज, ऑनलाइन जमाबंदी, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, सीमांकन, अतिक्रमण सहित विभिन्न राजस्व मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवेदनों को त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेजा।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव और पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजनों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग कर लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top