जामाडोबा में बंद पड़े रोप-वे के ढांचे को हटाया
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में बंद पड़े पुराने रोप-वे और लोहे के परित्यक्त ढांचों को हटाने की मुहिम तेज कर दी गई है। उपायुक्त के निर्देश के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से बंद पड़े रोप-वे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में बुधवार को झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी 2 नंबर में बंद पड़े रोप-वे के लोहे के ढांचे को काटकर हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल अधिकारियों के साथ सीआईएसएफ और जोड़ापोखर थाना की पुलिस भी मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मशीनों और गैस कटर की सहायता से जर्जर एवं अनुपयोगी लोहे के ढांचों को हटाया गया।
सुरक्षा को लेकर सड़क के दोनों और बेरीकेडिंग कर दी गई थी। सीआईएसएफ और जोड़ापोखर थाना की पुलिस मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि बंद पड़े इन लोहे के ढांचों से सुरक्षा संबंधी खतरा उत्पन्न होने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा था। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन की इस मुहिम की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि बंद पड़े लोहे के रोप-वे और ढांचों को हटाने से न केवल चोरी बल्कि दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भी बनी रहेगी।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में स्थित ऐसे परित्यक्त ढांचों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।