पीरटांड़ में एंबुलेंस नहीं आने से महिला को नहीं मिल सका इलाज, मौत
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के केंदुआडीह गांव में 35 वर्षीय रानी मरांडी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार रानी मरांडी शनिवार रात अपने घर में सोई हुई थी। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब एक बजे किए गए फोन का कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच महिला की मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतका के गर्दन पर सांप काटने जैसे निशान है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
बताया जाता है कि मृतका के पति बुधन बास्के की भी लगभग छह माह पूर्व इसी तरह की परिस्थितियों में मौत हुई थी। रानी मरांडी अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गई है। सभी बच्चे अभी छोटे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।