धनबाद-बोकारो में कंटेनर डिपो स्थापना की मांग पर बढ़ी पहल
सांसद ढुलू महतो के पत्र पर कंटेनर कार्पोरेशन आफ इंडिया ने शुरू की कार्रवाई
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के सांसद ढुलू महतो द्वारा धनबाद-बोकारो क्षेत्र में कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (CONCOR) का कंटेनर डिपो स्थापित करने की मांग को लेकर उठाई गई पहल पर सकारात्मक प्रगति हुई है। सांसद ढुलू महतो द्वारा 22 मई को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर धनबाद-बोकारो क्षेत्र में कंटेनर डिपो की स्थापना का अनुरोध किया गया था।
अपने पत्र में सांसद ढुलू महतो ने उल्लेख किया था कि धनबाद एवं बोकारो देश के प्रमुख औद्योगिक और खनिज संपदा क्षेत्रों में शामिल हैं। यहां कोयला, स्टील तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों की बड़ी उपस्थिति है, लेकिन आधुनिक कंटेनर डिपो के अभाव में स्थानीय उद्योगों एवं व्यापारियों को माल परिवहन में अतिरिक्त समय और लागत का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा था कि कंटेनर डिपो की स्थापना से माल परिवहन सुगम होगा, उद्योगों को नए बाजार मिलेंगे, रेलवे की आय बढ़ेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सांसद के इस अनुरोध पर CONCOR के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय स्वरूप के कार्यालय की ओर से 25 मई को भेजे गए पत्र में अवगत कराया गया है कि सांसद द्वारा भेजा गया पत्र प्राप्त हो गया है तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है।
इस संबंध में सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद-बोकारो क्षेत्र झारखंड की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यहां कंटेनर डिपो की स्थापना से क्षेत्र के उद्योग, व्यापार और निर्यात गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि CONCOR इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।
सांसद ने कहा है कि वे धनबाद लोकसभा क्षेत्र के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हैं तथा इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा कराने के लिए आगे भी संबंधित विभागों के साथ लगातार संवाद बनाए रखेंगे।