हार्डकोर नक्सली नेमचंद महतो दोषी करार
कैदी वाहन ब्रेक कांड में फरार हुआ था, जमुआ में नाम बदल कर रह रहा था, निशानदेही पर बरामद हुआ था एके 47 राइफल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : हार्डकोर नक्सली नेमचंद महतो को आर्म्स एक्ट में दोषी करार दिया गया है। जिला जज वन कवलजीत चोपड़ा की अदालत ने उसे दोषी करार दिया है। एक जून को न्यायालय में सजा का एलान किया जाएगा ।साल 2018 में आर्म्स एक्ट और देशद्रोह समेत कई धाराओं के तहत बेंगाबाद थाने में केस दर्ज किया गया था। साल 2012 में अन्य नक्सलियों के साथ जेल में बंद नेमचंद महतो उर्फ डॉक्टर कैदी वाहन ब्रेक कांड में फरार हो गया था।साल 2018 में वह नाम बदल कर जमुआ थाना क्षेत्र में शिक्षक बनकर रह रहा था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था।उसकी निशानदेही पर उसके बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित बिजली बथान घर में छापेमारी कर एक एके 47 राइफल बरामद किया गया था। इस छापेमारी में तत्कालीन एसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में डीएसपी जीतवाहन उरांव, मनीष टोप्पो समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। नेमचंद महतो पर गिरिडीह और बोकारो जिले में करीब एक दर्जन मामले दर्ज थे। इस मामले में अभियोजन के तरफ से एपीपी अशोक कुमार ने कई गवाहों का परीक्षण कराया था जिसने पुलिस अधिकारी, हथियार जांच अधिकारी भी शामिल थे। नेमचंद महतो साल 2018 से जेल में बंद है। वहीं कई मामलों में वह दोष मुक्त हो चुका है।