दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गोविंदपुर का ट्रैफिक प्लान तैयार, पंडालों के सामने बदलेगी वाहनों की राह

दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गोविंदपुर का ट्रैफिक प्लान तैयार, पंडालों के सामने बदलेगी वाहनों की राह

ऊपर बाजार और वाणी मंदिर पूजा पंडाल के पास बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के लिए खाली रखी जाएगी सड़क

गोविंदपुर में दुर्गा पूजा की सुरक्षा के लिए सिटी एसपी ने संभाली कमान, पंडालों के पास बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

डीजे न्यूज, गोविंदपुर (धनबाद) : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को जीटी रोड किनारे स्थित ऊपर बाजार दुर्गा पूजा पंडाल और वाणी मंदिर पूजा पंडाल के सामने की व्यवस्था का जायजा लिया। स्थल निरीक्षण के बाद उन्होंने दोनों पूजा पंडालों के आसपास वाहनों के परिचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिटी एसपी के निर्देशानुसार, गोविंदपुर ऊपर बाजार दुर्गा पूजा पंडाल के सामने से वाहनों का सीधा परिचालन नहीं होगा। यहां पांच पिलर यानी करीब डेढ़ सौ मीटर तक बैरिकेडिंग के अंदर से गाड़ियां गुजरेंगी, जबकि वर्तमान सड़क को श्रद्धालुओं और मेला देखने आने वाले लोगों के लिए खाली रखा जाएगा। एक पिलर के ऊपरी हिस्से में काम चलने के कारण कुछ व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। अन्यथा बैरिकेडिंग के अंदर से वाहनों को और आगे तक निकाला जा सकता था।

इसके बाद सिटी एसपी वाणी मंदिर पूजा पंडाल पहुंचे। वहां स्थल निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि मौजूदा बैरिकेडिंग के अंदर से वाहनों का परिचालन संभव नहीं है। इसलिए वर्तमान बैरिकेडिंग को उत्तर दिशा से संकीर्ण किया जाएगा, जिससे सड़क की चौड़ाई पिलर तक उपलब्ध हो सके। इसके बाद सड़क को दो भागों में बांट दिया जाएगा। एक भाग से वाहनों का परिचालन होगा, जबकि दूसरे भाग को श्रद्धालुओं और मेला दर्शकों की आवाजाही के लिए खाली रखा जाएगा। सिटी एसपी ने दोनों पूजा समितियों के वॉलंटियर को चौकस रहने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के आयोजन में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत, वीरेंद्र रजक, प्रदीप गुप्ता, बलराम साव, अरविंद पाठक, सुरेश भगत, पप्पू विश्वकर्मा, कंपनी के अधिकारी सोहन सैनी, संतोष कुमार सिंह, प्रमोद कुमार मिश्रा आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top