अवैध लोहा कारोबार में वर्चस्व को लेकर जामाडोबा में चली गोली, एक जख्मी
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद) : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी दो नंबर में शुक्रवार अहले सुबह अवैध लोहा कारोबार में वर्चस्व स्थापित करने को लेकर गोली चली। इस दौरान गोली लगने से रिक्की सिंह जख्मी हो गया है। उसके सीने में गोली लगी है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए जख्मी को दुर्गापुर रेफर कर दिया। सूचना पाकर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो जोड़ापोखर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है।
परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ गोली मारने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार अवैध लोहा काटने का विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया है। जख्मी की पत्नी ने कहा कि सुबह शौच के लिए उनके पति घर से निकले थे। इस क्रम में वहां कुछ संदिग्ध लोगों को देखकर शोर मचाया। इससे नाराज होकर उनलोगों ने गोली चला दी।
अहले सुबह फायरिंग की आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने जख्मी हालत में रिक्की को जमीन पर पड़े देखा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। हुआ तार बरामद किया है।
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फूटेज का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला रोपवे का लोहा काटने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।