टुंडी में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल, फायरिंग के बाद निषेधाज्ञा
पथराव के बीच तीनों आरोपितों को भीड़ से सुरक्षित निकाल ले गई पुलिस, पूरे इलाके में सुरक्षा का सख्त प्रबंध
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी के बरवाटांड़ पंचायत अंतर्गत मोहनाद गांव में शुक्रवार की शाम प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद भारी बवाल मच गया। सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने आरोपितों को उसके घर में ही घेर लिया। इधर मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ से आरोपितों को सुरक्षित निकालकर ले जाने के लिए फायरिंग भी करनी पड़ी। सात राउंड फायरिंग और लाठीचार्ज के बाद भीड़ छंट गई और पुलिस तीनों आरोपितों को पथराव के बीच सुरक्षित हिरासत में लेकर थाना चली गई। इधर वहां तनाव को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने निषेधाज्ञा लगा दी है। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में आरोपित अशरफ अंसारी, उसके पिता व गृह मालिक सरफुद्दीन अंसारी एवं वाहन चालक जो गोविंदपुर के देवली का है मनव्वर अंसारी शामिल है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मोहनाद में एक तालाब के किनारे मांस फेंका हुआ था। खेलने गए बच्चों ने इसे सबसे पहले देखा। इसके बाद गांव के लोगाें को इसकी जानकारी हुई। मांस के गोवंश का होने की बात फैल गई। इससे ग्रामीण उग्र हो गए। दर्जनों लोग सरफुद्दीन अंसारी के घर के बाहर जुट गए। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां भी मांस फेंका हुआ था जिसे बाद में हटा लिया गया। ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। इसी बीच सरफुद्दीन अंसारी का पुत्र अशरफ अंसारी एक मालवाहक से अपने घर की ओर आ रहा था। ग्रामीणों ने वाहन रोका। उसमें एक गोवंश लदा था। यह देख ग्रामीण और उग्र हो गए। इधर अशरफ और वाहन चालक मनव्वर अंसारी किसी तरह भीड़ से बचकर अपने घर में घुस गया। ग्रामीणों ने चारो ओर से घर को घेर लिया। उग्र भीड़ सरफुद्दीन, अशरफ एवं चालक मनव्वर अंसारी को सौंपने की मांग कर रही थी। इधर सूचना पाते ही टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल एवं थानेदार उमाशंकर दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। अंचल अधिकारी एवं थानेदार ने संयम का परिचय देते हुए भीड़ से कहा कि यदि प्रतिबंधित मवेशी की हत्या हुई है तो आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होगी। किसी को भी कानून को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इधर भीड़ एसएसपी को बुलाने की मांग कर रही थी। तब तक ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब और सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे भी पहुंच गए। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सरफुद्दीन अंसारी, अशरफ अंसारी एवं चालक मनव्वर अंसारी को घर से निकालकर अपनी सुरक्षा में ले लिया। इससे भड़के लोगों ने पुलिस से तीनों को छुड़ाने की कोशिश की। पथराव भी किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया।
इधर थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि तीन लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। भीड़ से तीनों को सुरक्षित निकालने के लिए तीन राउंड फायरिंग करनी पड़ी है। स्थिति नियंत्रण में है। वहां निषेधाज्ञा लगा दी गई है।