दुमका के उपायुक्त से मिलीं सीता सोरेन, प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजली-पानी संकट को लेकर सौंपा ज्ञापन

Advertisements

दुमका के उपायुक्त से मिलीं सीता सोरेन, प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजली-पानी संकट को लेकर सौंपा ज्ञापन

 

फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का किया मुआयना, व्यवस्था में सुधार की मांग की 

डीजे न्यूज, दुमका : भारतीय जनता पार्टी दुमका के जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में सोमवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल दुमका उपायुक्त से मिला। इस दौरान दुमका लोकसभा क्षेत्र की पूर्व भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन ने दुमका जिले में व्याप्त बिजली एवं पेयजल संकट को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई सप्ताह से दुमका जिले में बिजली आपूर्ति अत्यंत अनियमित हो गई है। लगातार बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली नहीं रहने से पानी सप्लाई की मोटरें नहीं चल पा रही हैं,जिससे जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं तथा मजबूर होकर दूषित पानी का उपयोग कर रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बिजली और पानी की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है,बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा आम लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय बिजली विभाग एवं पेयजल विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

भाजपा ने उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कर दुमका जिले में सुचारू बिजली आपूर्ति एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की ताकि आम जनता को इस भीषण संकट से राहत मिल सके।

उपायुक्त से मुलाकात के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचा जहां सीता सोरेन ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था, साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की कमी एवं स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर मरीज मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान हैं।

अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है,जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, जिला महामंत्री बिमल मरांडी, मृणाल मिश्रा, बबलू मंडल, गायत्री जायसवाल, सोनी हेंब्रम, धर्मेन्द्र सिंह, नवल किस्कू, पंकज वर्मा, श्रीधर दास, दिनेश सिंह, दीप्तांशु कोचगवे, मिथिलेश झा, नीतू झा, किशोरेंद्र दास, ओम केसरी, रामकृष्ण हेंब्रम, प्रेम कुमार साह मौजूद रहें ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top