अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, 12वीं के छात्र की मौत

Advertisements

अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, 12वीं के छात्र की मौत

 

देवघर-सुल्तानगंज रोड पर खिजुरिया के पास दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम

डीजे न्यूज, देवघर : जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार की दोपहर खिजुरिया के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित कुमार के रूप में की गई है, जो मूल रूप से धनबाद जिला के मनाईटांड का रहने वाला था। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

घूमने निकला था, हादसे का शिकार बना

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्षित कुमार अपने एक दोस्त की बाइक से घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

हर्षित 12वीं का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में एक बहन भी है। उसकी मां श्वेता कुमारी देवघर स्थित हुंडई शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि श्वेता कुमारी का अपने पति से तलाक हो चुका है और वह अपने दोनों बच्चों की परवरिश अकेले ही कर रही थीं।

 

पांच वर्ष पूर्व हुआ था देवघर तबादला

 

जानकारी के मुताबिक श्वेता कुमारी पहले धनबाद में ही हुंडई कंपनी में कार्यरत थीं, लेकिन लगभग पांच वर्ष पूर्व उनका तबादला देवघर कर दिया गया। तब से वह देवघर नगर थाना क्षेत्र के झोसागाढ़ी मोहल्ले में किराए के मकान में अपनी मां कविता देवी और दोनों बच्चों के साथ रह रही थीं।

 

अस्पताल में मचा चीत्कार, हर आंख नम

 

इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां श्वेता कुमारी सदर अस्पताल पहुंचीं और दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं मृतक की नानी कविता देवी बार-बार यही कहकर बिलख रही थीं कि ”मेरा नाती जिंदा है, उसे कुछ नहीं हुआ है।” अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोग परिजनों को संभालने में जुटे रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top