रेल यात्रियों को दिया ‘प्लास्टिक मुक्त यात्रा’ का संदेश
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद रेल मंडल में चल रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तीसरे दिन रविवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अपनी स्वयं की पुन: उपयोग योग्य पानी की बोतलें साथ रखने तथा प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विभिन्न माध्यमों से यात्रियों को जागरूक किया गया। जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर पुन: उपयोग योग्य बोतलों का प्रयोग करने तथा खाली प्लास्टिक बोतलों को रेलवे ट्रैक एवं परिसर में न फेंकने की अपील की गई। यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने हेतु स्टेशन के प्रमुख प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों एवं बुकिंग काउंटरों पर आकर्षक एवं रंगीन पोस्टर लगाए गए। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन एवं वाटर रिफिलिंग पॉइंट्स को सुचारू रूप से संचालित रखा गया। इसके अतिरिक्त स्टेशन कर्मचारियों एवं रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें कपड़े के थैले, स्टील की बोतलों एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान यात्रियों ने भी सकारात्मक सहभागिता दिखाते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास की सराहना की। धनबाद मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ रेलवे परिसर के निर्माण हेतु इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सके।