रेलकर्मियों ने दिखाई तत्परता, खोया बैग यात्री को सकुशल लौटाया
डीजे न्यूज, धनबाद: पटना–सिंगरौली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में पटना स्टेशन पर छूट गया। यात्री ने इस संबंध में चोपन स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक को सूचना दी। सूचना मिलते ही होते ही मुख्य टिकट निरीक्षक यूके सिंह ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पटना स्टेशन से समन्वय स्थापित किया तथा यात्री का बैग सकुशल चोपन स्टेशन मंगवाकर रविवार को संबंधित यात्री को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। यात्री ने रेल प्रशासन एवं संबंधित कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नशे में उत्पात मचा रहे यात्री को किया आरपीएफ के हवाले
इधर गाड़ी संख्या 19414 कोलकाता–अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसई/1 शयनयान कोच में एक यात्री सामान्य श्रेणी का टिकट लेकर नशे की हालत में यात्रा कर रहा था। वह सहयात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज भी कर रहा था। इससे उक्त कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों में असुविधा एवं असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकट जाँच कर्मियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चोपन स्टेशन पर संबंधित यात्री को ट्रेन से उतारकर रेलवे सुरक्षा बल/चोपन के हवाले कर दिया गया।
रेल प्रशासन की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से यात्रियों में संतोष एवं सुरक्षा की भावना देखने को मिली तथा यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों के इस सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया। रेल प्रशासन द्वारा संबंधित कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं उत्कृष्ट यात्री सेवा भावना की सराहना की गई। यह घटना भारतीय रेल की संवेदनशील कार्यसंस्कृति, यात्री सुरक्षा एवं सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।