किडनी केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ मिहिर पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश नॉन मेडिकल टीम करेगी अल्ट्रासाउंड केंद्रों में औचक छापेमारी अवैध गतिविधियों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई: डीसी

Advertisements

किडनी केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ मिहिर पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश

नॉन मेडिकल टीम करेगी अल्ट्रासाउंड केंद्रों में औचक छापेमारी

अवैध गतिविधियों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई: डीसी

डीजे न्यूज, धनबाद: पीसी एंड पीएनडीटी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई।

बैठक में मुख्य रूप से धनबाद जिले में अल्ट्रासाउंड क्लीनिक/सेंटर, पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत रजिस्टर्ड क्लीनिक, पिछले बैठक में लिए गए निर्णय का अनुपालन, नए अल्ट्रासाउंड केंद्र हेतु प्राप्त आवेदन एवं रिन्यूअल को लेकर कमिटी द्वारा विचार विमर्श किया गया।

इस दौरान अल्ट्रासोनोग्राफी (USG) क्लिनिक के पीसी एंड पीएनडीटी का फॉर्म बी जमा करने के लिए धनबाद के उपायुक्त के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों के प्रयोग के मामले में डॉ मिहिर किडनी केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ मिहिर पर एफ आई आर करने हेतु सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया।

साथ हीं उपायुक्त ने धनबाद जिला में अनाधिकृत रूप से बिना लाइसेंस के संचालित क्लीनिक के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर जिला से नॉन मेडिकल छापेमारी दल का गठन करते हुए गहन छापेमारी अभियान चलाने एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। जिससे अवैध रूप से संचालित क्लिनिक को बंद कराया जा सके। साथ ही जिला स्तरीय नॉन मेडिकल टीम वैसे केंद्रों पर भी औचक छापेमारी करेगी जहां वैध रूप से भी अल्ट्रासाउंड केंद्र चल रहे हैं।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा समाज में लैंगिक संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा उपायुक्त ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों जिनका फॉर्म एफ शून्य है या दस से कम है वैसे सभी केंद्रों को नोटिस करते हुए मशीन जमा करने की प्रक्रिया करने को निर्देशित किया। साथ हीं उन्होंने अब तक हुए छापेमारी और किए गए कार्रवाई की समीक्षा की।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण, पंजीकरण एवं अभिलेखों के संधारण की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।

मौके पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सहायक नोडल अधिकारी पीसी एंड पीएनडीटी डॉ विकास राणा, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार मिश्रा समेत पीसी एंड पीएनडीटी के सभी सदस्य मौजूद रहें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top