सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के द्वितीय दिवस के अवसर पर शनिवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा इसके उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान स्टेशनों पर बैनर एवं पोस्टरों के माध्यमों के जरिए यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, स्वच्छता संबंधी समस्याओं तथा मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई। अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई । धनबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।