पीएम आवास योजना में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता : डीडीसी स्मृता कुमारी

Advertisements

पीएम आवास योजना में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता : डीडीसी स्मृता कुमारी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जनसुनवाई पूर्ण होने के बाद अब प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा लाभुकों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।
जारी निर्देश के अनुसार जमुआ, पीरटांड़ एवं गिरिडीह प्रखंडों में निर्धारित तिथियों पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम के दौरान संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उपस्थित रहेंगे। तय कार्यक्रम के तहत जमुआ प्रखंड में 18 मई, पीरटांड़ प्रखंड में 20 मई तथा गिरिडीह प्रखंड में 22 मई को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
डीडीसी स्मृता कुमारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनसुनवाई कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा योजनाओं से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है, ताकि लाभुकों की शिकायतों और सुझावों का मौके पर ही निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सामाजिक अंकेक्षण और जनसुनवाई के माध्यम से योजना के प्रभावी संचालन को और मजबूत बनाया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top