Advertisements

बस्ताकोला में टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर जागरूकता कार्यशाला

 

दिव्यांगजनों, अभिभावकों और प्रशिक्षणरत विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, बचाव और सरकारी सुविधाओं की दी गई जानकारी

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : टीबी मुक्त भारत अभियान जागरूकता कार्यक्रम के तहत जीवन दिव्यांगजन विशेष विद्यालय सह शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, बस्ताकोला में टीबी मुक्त भारत अभियान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर A. K. Singh ने उपस्थित दिव्यांगजनों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षक प्रशिक्षणरत विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान भारत सरकार का एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान है, जिसका उद्देश्य देश से टीबी बीमारी को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है और हवा के माध्यम से फैलती है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, मुफ्त जांच एवं इलाज उपलब्ध कराना, लोगों में जागरूकता फैलाना तथा टीबी से होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। इसके तहत प्रभावित लोगों को कई योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ भी दिया जाता है, जिनमें सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच, मुफ्त दवाइयां एवं उपचार, प्रत्यक्ष रूप से पर्यवेक्षित चिकित्सा, निश्चय पोषण योजना के तहत आर्थिक सहायता तथा घर-घर स्क्रीनिंग अभियान शामिल हैं।

कार्यशाला में टीबी के प्रमुख लक्षणों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख कम लगना अथवा कमजोरी महसूस हो रही हो तो तुरंत जांच करानी चाहिए।

कार्यक्रम में दिव्यांगजन, उनके अभिभावक तथा विशेष शिक्षा में प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इनमें सुनीता कुमारी, निकिता कुमारी, बीरचंद साहू, सुमन कुमारी, शिवानी कुमारी, हेमांगी ऐश्वर्या, छोटू कुमार, नरेंद्र कुमार, नैंसी कुमारी, अर्णव स्वरूप, दिव्यांशु कुमार, अनु कुमारी, साक्षी कुमारी, राहुल कुमार एवं रेहान कुमार शामिल थे। वहीं विशेष शिक्षा में प्रशिक्षणरत विद्यार्थियों में सौरभ कुमार, ममता कुमारी, सुमन कुमारी, निभा कुमारी, दीपा कुमारी, अमृता कुमारी तथा अंशिका रानी उपस्थित थीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top