बीसीसीएल में वर्षों से जमे अधिकारियों का होगा तबादला
विजिलेंस गाइडलाइन के तहत चल रही प्रक्रिया, जल्द जारी हो सकती है सैकड़ों अधिकारियों की ट्रांसफर सूची
डीजे न्यूज तिसरा : बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले तीन या उससे अधिक वर्षों से जमे अधिकारियों के तबादले की सूची लगभग तैयार कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार निकट भविष्य में विजिलेंस गाइडलाइन के तहत बड़े पैमाने पर अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाएगा।
अधिकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्यालय के सभी विभागों एवं क्षेत्रीय विभागों में ई-1 से लेकर ई-7 तथा उससे ऊपर के वैसे अधिकारी, जो पिछले तीन वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थापित हैं, उनका तबादला दूसरे क्षेत्रों में किया जाएगा। वहीं जो अधिकारी पिछले 15 वर्षों से बीसीसीएल में कार्यरत हैं, उनके नाम कोल इंडिया लिमिटेड की अन्य सब्सिडियरी कंपनियों में स्थानांतरण के लिए भी सूचीबद्ध किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इसको लेकर मुख्यालय स्तर पर लगातार मंथन चल रहा है और स्थानांतरण संबंधी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही सैकड़ों अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी जाएगी।
तबादले की चर्चा सामने आते ही कई अधिकारियों में बेचैनी देखी जा रही है। वहीं वर्षों से एक ही जगह पर जमे कुछ अधिकारी अपने मनपसंद स्थान पर पोस्टिंग के लिए भी सक्रिय हो गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि कार्य संस्कृति में सुधार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण प्रक्रिया की जा रही है, ताकि नए अधिकारी अपने स्तर से बेहतर कार्य प्रणाली लागू कर सकें।