सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने सीबीएसई 12 वीं की परीक्षा में लहराया परचम
शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल : जोरावर सिंह सलूजा
डीजे न्यूज,गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से छात्र, अभिभावक और शिक्षक काफी उत्साहित हैं।
इस वर्ष विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के कुल 14 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 10 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विज्ञान संकाय में आयन आलम ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। एम डी इमरान 89 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे तथा अंशु प्रिय 86 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं वाणिज्य संकाय में कुशाग्र ने 87.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। प्राची ने 83 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा तथा चिरंजीव सिंह ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
विषयवार प्रदर्शन में अंशु प्रिय ने अंग्रेजी में 94 अंक प्राप्त किए। आयन आलम ने गणित में 94, फिजिक्स में 90, केमिस्ट्री में 98, फिजिकल एजुकेशन में 98 तथा म्यूजिक में 99 अंक अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कुशाग्र ने अकाउंट्स में 64 अंक प्राप्त किए, जबकि बीएसटी में कुशाग्र और प्राची ने 76-76 तथा इकोनॉमिक्स में दोनों ने 87-87 अंक हासिल किए।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।