कोलियरी इलाकों में बिजली गुल होने से रातभर बेहाल रहे लोग

Advertisements

कोलियरी इलाकों में बिजली गुल होने से रातभर बेहाल रहे लोग

डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : बीसीसीएल के लोदना एरिया समेत ईजे एरिया, पाथरडीह और सुदामडीह कोलियरियों में मंगलवार दोपहर से बुधवार शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से खासकर कोलियरी क्षेत्रों के रिहायशी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर से ही क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। देर रात कुछ क्षेत्रों में बिजली बहाल हुई, लेकिन लोदना, बागडीगी, जयरामपुर, जिनागोरा, डिगवाडीह, पाथरडीह, सुदामडीह, भौरा और मोहलबनी समेत कई कोलियरी इलाकों में बुधवार शाम तक अंधेरा पसरा रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पूरी रात बिजली नहीं रहने से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

बिजली संकट की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह से लोदना महाप्रबंधक एके सिन्हा, अभियंता साहिल गुप्ता, संतोष मालवीय समेत मुख्यालय की तकनीकी टीम डीजी सबस्टेशन में डटी रही। अधिकारियों ने बताया कि डीवीसी लाइन में फॉल्ट आने के कारण बिजली बाधित हुई थी, जिसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

वहीं यूनियन नेता एवं पूर्व जिला नगर अध्यक्ष रामनंदन पासवान ने बीसीसीएल प्रबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि कंपनी भगवान भरोसे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी दक्षता की अनदेखी कर पैसे और सिफारिश के आधार पर कर्मियों को फोरमैन बनाया जा रहा है, जबकि योग्य कर्मियों की उपेक्षा की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top