मीडिया की खबर के बाद जागा विभाग, पाण्डेयडीह में सड़क मरम्मत कार्य शुरू

Advertisements

मीडिया की खबर के बाद जागा विभाग, पाण्डेयडीह में सड़क मरम्मत कार्य शुरू

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित पाण्डेयडीह के समीप सड़क के बीच निकले लोहे के छड़ से राहगीरों को हो रही परेशानी और लगातार दुर्घटना की आशंका को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर सामने आते ही संबंधित विभाग सक्रिय हुआ और मंगलवार से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया।

मंगलवार दोपहर पुल के समीप जेसीबी मशीन से कार्य करते हुए देखा गया। वहीं निर्माण कार्य के लिए बालू समेत अन्य सामग्री भी मौके पर पहुंचाई गई। विभाग की इस पहल से स्थानीय लोगों में राहत और उम्मीद की भावना देखी जा रही है।

बताया जाता है कि पुलिया निर्माण और सड़क मरम्मत के दौरान सड़क के बीच निकला लोहे का छड़ लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बना हुआ था। खासकर रात के समय बाइक सवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लोगों की जान भी गई है।

समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और विभाग की तत्परता पर ग्रामीणों ने संतोष जताया है। लोगों ने मांग की है कि कार्य को जल्द पूरा कर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top