संगठन मजबूत कर जनमुद्दों पर सरकार को घेरें : बालमुकुंद सहाय
पेयजल को लेकर आज बाबूलाल के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी भाजपा
डीजे न्यूज, धनबाद : प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से संगठन मजबूत कर जनमुद्दों को लेकर सरकार एवं प्रशासन को घेरने का आह्वान किया है। वह रविवार को यहां जिला भाजपा कार्यालय में ग्रामीण भाजपा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार कर रहे थे।
मोहन कुम्भकार के जिलाध्यक्ष बनने के बाद यह जिलास्तरीय प्रथम मासिक बैठक थी।
बैठक में बालमुकुंद सहाय ने बताया कि पेयजल को लेकर पूरे राज्य में भाजपा अलग-अलग दिन जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है। सोमवार को धनबाद में उपायुक्त कार्यालय पर ग्रामीण एवं महानगर जिला भाजपा संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेगी। इसकी अगुवाई नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में ग्रामीण भाजपा की मजबूत उपस्थिति होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने 18 एवं 19 जून को जिला प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की जानकारी दी और कहा कि इस शिविर में शत-प्रतिशत उपस्थित अनिवार्य है। उन्होंने प्रत्येक महीने के प्रथम सप्ताह में मंडल कमिटी एवं दूसरे सप्ताह में जिला कमिटी की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। सभी जगहों पर प्रभारियों की उपस्थिति अनिवार्य है।
बैठक में विशेष रूप से प्रदेश कार्य समिति के सदस्य ज्ञान रंजन सिन्हा, धर्मजीत सिंह, निवृतमान जिलाध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, सिंदरी की प्रत्याशी रहीं तारा देवी, टुंडी के प्रत्याशी रहे विकास महतो, धरणीधर मंडल, जिला उपाध्यक्ष संजय महतो, गीता बेसरा, निताई रजवार, जिला मंत्री जया कुमार, निशि महतो, बंदना बाउरी, प्रकाश बाउरी, जिला एससी मोर्चा के अध्यक्ष परेस दास आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन जिला महामंत्री विकास महतो ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री आशीष मुखर्जी ने किया।