वार्ता के बाद विधायक राज ने खत्म किया अनशन
तकनीकी रिपोर्ट और खतरे का आकलन कर कार्रवाई का दिया भरोसा
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क मार्ग को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर विधायक राज सिन्हा द्वारा दिया जा रहा अनशन रविवार को वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया। केंदुआडीह थाना मोड़, राजपूत बस्ती के समीप हुई गैस रिसाव एवं भूधंसान की घटना के बाद से इस मार्ग पर आवागमन बंद है।
कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले
अनशन पर बैठे विधायक राज से दूरभाष पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने वार्ता करते हुए सोमवार को तकनीकी रिपोर्ट एवं खतरे का आकलन कर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं बीसीसीएल के महाप्रबंधक ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर विधायक से वार्ता की।
इसके उपरांत चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने विधायक राज सिन्हा को नारियल पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
इस आंदोलन को क्षेत्र के आमलोगों, व्यापारियों, मजदूरों, महिलाओं तथा भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। अनशन स्थल पर लगातार लोगों की उपस्थिति बनी रही और सभी ने सड़क को अविलंब चालू करने एवं प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास की मांग को मजबूती से उठाया।
धरना में शामिल स्थानीय लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोग राज्य की हेमंत सरकार, जिला प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोशित नजर आ रहे थे।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र की जनता, व्यापारियों और मजदूरों की आवाज है। पिछले 27 दिनों से मुख्य सड़क बंद रहने के कारण आमजन का जीवन प्रभावित हुआ है। हमारी मांग है कि तकनीकी जांच के आधार पर शीघ्र सड़क चालू किया जाए तथा प्रभावित परिवारों का सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। अनिश्चितकालीन धरना के समय भी मैने कहा था और आज पुनः स्पष्ट करता हु कि स्थानीय आमलोगों, व्यापारियों की समस्या समाधान होने तक मेरा आंदोलन जारी रहेगा बल्कि और भी तेज होगा। जब तक जनता को न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा। झारखंड की हेमंत सरकार, और इनके पदाधिकारी जनता के कार्यों और हितों के प्रति असंवेदनशील रुख अपनाए हुए है। उनकी मंशा मै कभी पूरी नहीं होने दूंगा। उक्त रोड के बनने में सुरक्षा एवं खतरा संबंधित बात है तो वह भी जिला प्रशासन को सार्वजनिक करना चाहिए।
चैंबर के जिला महासचिव अजय नारायण लाल एवं उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि इस समस्या समाधान की पूरी जिम्मेदारी जेआरडीए की है और जे आर डी ए के मुख्य पदाधिकारी धनबाद उपायुक्त ही होते है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के सुरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क बंद रहने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन को जल्द समाधान निकालना चाहिए ताकि आमजन एवं व्यापारियों को राहत मिल सके।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के सुशील साँवरिया ने कहा कि यह केवल सड़क का मामला नहीं बल्कि हजारों लोगों की आजीविका और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। हम सभी व्यापारी संगठन जनता की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन के समर्थन में रहेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित में है। प्रशासन एवं बीसीसीएल को संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष रंजय सिंह एवं तमाल राय ने किया।
इस अवसर पर सुरेंद्र अरोड़ा, लोकेश अग्रवाल, मुखिया रमेश सिंह, बद्री रविदास,महेंद्र वर्णवाल, ददन सिंह, पंकज भुवानियां, मोनू पाठक, जाहिद अंसारी,हुल्लास दास, जिला मंत्री रीता यादव, मौसम सिंह, सदानंद वर्णवाल, राजेश गुप्ता, रामकेश गुप्ता, मेघनाथ वर्मा, रंजीत मधेशिया, आनंद खंडेलवाल, श्यामल दा, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, केदार वर्णवाल, रवि सिन्हा, बालमुकुंद राम, सुप्रभात कुमार, घनश्याम नरौली, शशि सिंह, गीता सिंह, किरण सिंह, विभा रानी सिंह, आशा पांडे, नरेंद्र त्रिवेदी, मुर्तजा अंसारी, साजन पासवान, रूपेश खंडेलवाल, हीरा शर्मा, संजय सोंडिक, सुप्रभात सिन्हा, उमेश सिंह, अरविंद सिंह, अजय दुबे, बबलू फरीदी, अमित सिंह, सत्येंद्र ओझा, बबलू सिंह, सतीश रजक, सपन कश्यप सहित हजारों लोग उपस्थित थे।