आदिवासी अधिकार मंच ने रांची में किया प्रदर्शन
जनगणना प्रपत्र सहित सरकारी कार्यों में आदिवासी/सरना धर्म का कॉलम लागू करने की है मांग
डीजे न्यूज, रांची: आदिवासी अधिकार मंच, झारखंड ने जनगणना प्रपत्र में आदिवासी/सरना धर्म का कॉलम लागू करने तथा बैंक सहित सभी सरकारी कामकाज में धर्म का कॉलम देने की मांग को लेकर रविवार को अल्बर्ट एक्का चौक में प्रदर्शन किया। इसके पूर्व विश्वकर्मा मंदिर गली से जुलूस निकाला गया जो मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर प्रदर्शन में तब्दील हो गया। मंच के राज्य अध्यक्ष प्रफुल्ल लिंडा की अध्यक्षता में सभा हुई।
मंच के राज्य संयोजक सुखनाथ लोहरा ने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजी हुकूमत के समय जनगणना प्रपत्र में आदिवासियों के धार्मिक पहचान के लिए ट्राइबल रिलिजन, आदिवासी धर्म ,जीववादी प्राकृतिक धर्म का कॉलम होता था। उन्होंने भाजपा – आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि अपनी कथित हिंदुत्व की सांप्रदायिक व विभाजनकारी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए मोदी सरकार जनगणना में आदिवासी/ सरना धर्म का कॉलम नहीं देकर आदिवासियों के धर्म के संवैधानिक अधिकार पर हमला कर रही है। उन्होंने इसका मुकाबला करने और अपने धर्म कोड के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने हेमंत सरकार से भी अपने सभी विभागों में आदिवासी/सरना धर्म का कॉलम देने की मांग की।
मौके पर मंच के छोटानागपुर संयोजक प्रकाश टोप्पो, डॉ कीर्ति सिंह मुंडा, कृपा एक्का, नीमा तिर्की, सीमा केरकेट्टा, मिला कुजूर, पूनम उरांव, चांदनी कच्छप, राकेश तिर्की, बुधराम उरांव, पुष्प तिर्की, मधु कच्छप, गणपति भोक्ता, पांडु मुंडा, अंजन समद, जुबिनियूस तिरु, बिगल उरांव, दिवाकर सिंह मुंडा, जेहरु लाल मुंडा, सहचरी देवी, राजेश मुंडा, शंकर मुंडा, शंकर उरांव, चारों भगत, सुखराम बेदिया, करमचंद्र उरांव सहित कई लोग शामिल थे।