अंचल अधिकारी की पहल से खुला बंद रास्ता
सुरेश प्रसाद वर्णवाल मौके पर पहुंचकर जेसीबी से हटवाया अवरोध
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : प्रखंड मुख्यालय से सटे रतनपुर पंचायत के कटचीरा मधुरसा गांव जाने वाले मुख्य मार्ग को एक ग्रामीण द्वारा गड्ढा कर अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने त्वरित कार्रवाई की।
शनिवार को अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल हल्का कर्मचारी अशोक महतो एवं अंचल अमीन बैजू यादव के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बंद पड़े रास्ते को खुलवाया। प्रशासनिक पहल के बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।
ग्रामीणों ने प्रभारी अंचल अधिकारी की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि रास्ता खुलने से अब गांव आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर हो गई है।