कोडरमा-दानापुर अंतर्नगरीय का धनबाद तक हो विस्तार : आशीष अंबष्ठ
रेल उपभोक्ता परामर्श समिति सदस्य ने उठाई मांग
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद रेल मंडल के रेल उपभोक्ता परामर्श समिति सदस्य व वरीय पत्रकार आशीष कुमार अंबष्ठ ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर यात्री सुविधा, ट्रेन विस्तार और सुरक्षा से जुड़ी कई अहम मांगें उठाई हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद देश को सर्वाधिक राजस्व देने वाला मंडल है, जहां रोज 1.5 लाख से अधिक यात्री आते हैं। मूलभूत सुविधाओं की कमी से रेल की छवि खराब हो रही है।
रेलगाड़ी विस्तार और नई संपर्क सेवा
आशीष अंबष्ठ ने 13233/13234 कोडरमा-दानापुर अंतर्नगरीय का धनबाद तक विस्तार मांगा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धनबाद से पटना के लिए सुबह की रेलगाड़ी जसीडीह-झाझा होकर चलती है। इस रेलगाड़ी के विस्तार से धनबाद-गोमो मार्ग पर दिन में पटना जाने के लिए वैकल्पिक रेलगाड़ी मिल जाएगी। छात्रों और मरीजों को सीधा लाभ होगा। साथ ही धनबाद से गया के लिए सुबह आसनसोल-गया वाया धनबाद, गोमो, कोडरमा नई अंतर्नगरीय चलाने की मांग की गई है।
कुमारधुबी में ठहराव की मांग
कुमारधुबी स्टेशन पर 13305/13306 धनबाद-हावड़ा अंतर्नगरीय, 13403/13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस, 18619/18620 रांची-गोड्डा एक्सप्रेस और 13319/13320 रांची-दुमका एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गई है।
धनबाद स्टेशन पर जाम और अवैध वसूली पर रोक
पत्र में कहा गया है कि परिक्रमा क्षेत्र में अवैध ऑटो-टैक्सी जमावड़ा हटाकर पूर्वभुगतान केंद्र से व्यवस्था हो। प्रवेश मार्ग में वाहनों से जबरन शुल्क वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। सीसीटीवी निगरानी और सूचना पट्ट लगाकर दरें तय करने की मांग की गई है। भीड़ के समय अतिरिक्त अनारक्षित टिकट/आरक्षित टिकट खिड़की, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन बढ़ाने, प्लेटफॉर्म 1 और 6-7 पर छत विस्तार, सभी प्लेटफॉर्म पर शुद्ध पेयजल यंत्र लगाने की बात कही गई है। बुजुर्ग-दिव्यांगों के लिए बैट्री वाहन 2 से बढ़ाकर 6 करने और बंद पड़े जनता भोजन केंद्र को तत्काल बहाल करने की मांग भी शामिल है।
संरचनात्मक सुरक्षा
झरिया आरक्षण केंद्र का भवन जर्जर है। बारिश में गिरने का खतरा है। तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की गई है। केंदुआ, महुदा, कतरास में सड़क ऊपरगामी पुल का काम तेज करने और अमृत भारत योजना के कार्य समय पर पूरे करने को कहा गया है।
अन्य मांगें
गया-हावड़ा वंदे भारत और शक्तिपुंज एक्सप्रेस का परसाबाद /गोमो में ठहराव, धनबाद-पटना जनशताब्दी का फेरा बढ़ाने और कोलफील्ड, ब्लैक डायमंड के समयपालन की मांग भी रखी गई है।रेल उपभोक्ता परामर्श समिति सदस्य ने कहा कि इन मांगों पर शीघ्र मंडलीय बैठक कर समयबद्ध कार्रवाई हो।