ठेठाटांड़ जलापूर्ति योजना चालू नहीं होने से भड़की विधानसभा की समिति
सभापति हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में प्राक्कलन समिति ने किया मुआयना, पेयजल आपूर्ति विभाग व निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
टुंडी(धनबाद) : विधायक हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने बुधवार को यहां ठेठाटांड़ जलापूर्ति योजना का मुआयना किया। समिति में टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो, बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो व घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन शामिल थे।
मुआयना के दौरान इस योजना के अब तक चालू नहीं होने पर समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू एवं मथुरा प्रसाद महतो ने पेयजल आपूर्ति विभाग व निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कार्य कर रही एजेंसी से काम छीन लेने की भी बात कही। यहां हम आपको बता दें कि करीब 64 करोड़ रुपये की लागत से ठेठाटांड़ जलापूर्ति योजना 2018 मेंं शुरू हुई थी। इसे दो साल में पूरा करना था। जमीन हकीकत यह है कि आठ साल बाद भी यह योजना के चालू नहीं हो सकी है। इस योजना के तहत आठ जलमीनार बनाकर सात पंचायतों के सौ से अधिक गांवों में हर घर नल जल योजना के तहत पेयजल की आपूर्ति करनी थी। कार्यपालक अभियंत मुकेश कुमार ने समिति को आश्वस्त किया कि काम में तेजी लाकर योजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा।