कबरीबाद माइंस कांड : आक्रोशितों ने किया बवाल, लाठी चार्ज
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद माइंस में मंगलवार रात हुई झड़प के बाद बुधवार को हालात बिगड़ गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठी चार्ज किया। पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। उपद्रवियों ने कबरीबाद कांटा घर में भी तोड़फोड़ की। मामला सीसीएल के सीपी साइडिंग से जुड़ा है। मंगलवार रात 300 से अधिक कोयला तस्करों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से लैस होकर हमला बोला था। सीसीएल अधिकारी राम सागर समेत 8 सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे। चोरों ने हाइवा, दो चार पहिया वाहन और बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घायलों में बिरजू भुइयां, विकास कुमार, फागू कोल्ह, अफजल हुसैन, संतोष सिंह, असगर अंसारी और बलदेव गोप शामिल हैं। सभी का इलाज लंकास्टर हॉस्पिटल में चल रहा है।
घायल अफजल ने बताया कि पहले 20 तस्कर हाइवा से जबरन कोयला उतारने लगे। विरोध पर मारपीट की। पेट्रोलिंग टीम के पहुंचते ही 300 से अधिक लोग जुट गए और हमला कर दिया। परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा और थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के पहुंचने पर सभी भागे।
जवाबी झड़प में मौत, फिर बवाल
इसी दौरान क्रशर के पास सीसीएल गार्ड और चोरों के बीच झड़प में 22 वर्षीय दिलीप कुमार, पिता भूचारी दास, की चाकू लगने से मौत हो गई। आरोप है कि सीसीएल गार्ड ने चाकू मारा। मौत के बाद सदर अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया और सीसीएल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया.।
बुधवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण मुआवजा व हत्या केस की मांग को लेकर कबरीबाद माइंस कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे। इसी दौरान पुलिस से झड़प हुई और पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, साइबर डीएसपी आबिद खान, सीओ जितेंद्र प्रसाद, बीडीओ गणेश रजक समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।