गिरिडीह के सीपी साइडिंग में कोयला तस्करों और कर्मियों में झड़प, एक की मौत

Advertisements

गिरिडीह के सीपी साइडिंग में कोयला तस्करों और कर्मियों में झड़प, एक की मौत

कोयला चोरी को लेकर बवाल, पथराव व तोड़फोड़ में कई घायल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सीसीएल गिरिडीह एरिया के सीपी साइडिंग में मंगलवार रात को हिंसक झड़प हो गई। यहां कथित कोयला चोरों और कर्मियों के बीच भिड़ंत के दौरान जमकर पथराव हुआ, वाहनों में तोड़फोड़ की गई और छुरेबाजी भी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति को चाकू लग गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।

घटना को लेकर मृतक के भतीजे आशीष दास ने सीसीएल के अधिकारियों सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

इधर, साइडिंग और क्रशर में तैनात रामसागर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 40-50 की संख्या में आए लोगों ने कोयला लदी हाइवा को रोक दिया। सूचना मिलने पर जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया। इस दौरान कई कर्मियों के साथ मारपीट की गई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

वहीं, मौके पर पहुंचे स्थानीय पूर्व मुखिया शंकर दास ने कहा कि कोलियरी क्षेत्र के आसपास के कई लोगों की आजीविका कोयले पर निर्भर है और कुछ लोग कोयला चोरी करते हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात को कोयला चोरी के दौरान झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति को चाकू लगा और उसकी मौत हो गई। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीसीएल के महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसडीपीओ ने पुष्टि करते हुए कहा कि झड़प में एक व्यक्ति को चाकू लगा है, जिससे उसकी मौत हो गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top