बीसीसीएल के मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा
स्लरी के मलबा में चार मजदूर दबे, मौत
डीजे न्यूज, धनबाद: कोयला राजधानी धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल की कोल वाशरी में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्लरी लोडिंग कार्य के दौरान अचानक मलबे का ढेर ढहने से वहां काम कर रहे चार दैनिक मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबे के नीचे दबने से चारों मजदूरों की मौत हो गई है। घटना के बाद वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना पाकर बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीन ने मलबे से चारों मजदूरों के शव निकाल लिए हैं।
मृतकों में कपुरिया ओपी क्षेत्र के रूदी बस्ती निवासी हेमलाल गोप के अलावा समशीखरा के एक और बरडूभी के दो मजदूर शामिल हैं।
कैसे घटी घटना
मुनीडीह कोल वाशरी में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। कुछ मजदूर वहां जमा स्लरी को लोड करने के काम में जुटे थे। इसी दौरान ऊपर से मलबे का एक विशाल हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे मलबे के नीचे दफन हो गए। हादसे के तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों और वाशरी के अन्य कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन और पुलिस को दी। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।