दूसरी पत्नी को मार्केटिंग कराने पर पहली पत्नी ने भाई के साथ मिलकर भाजपा नेता को मार डाला
भाजपा नेता अमृत दास ने साली छाया को भगाकर की थी दूसरी शादी, पंचतत्व में विलीन
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : गोविंदपुर थाना अंतर्गत अमरपुर निवासी स्व. सोनेलाल दास के पुत्र भाजपा अनुसूचित जाति के पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व जिला महामंत्री एवं बीस सूत्री के पूर्व सदस्य 50 वर्षीय अमृत कुमार दास की गुरुवार को बड़ी पत्नी माया देवी एवं साला हेमंत कुमार दास द्वारा पीट-पीट कर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमृत दास की मां बसंती देवी के आवेदन पर गोविंदपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बड़ी पत्नी माया देवी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। अमृत दास ने धनबाद जिला अंतर्गत राजगंज (मैयरा कुल्ही) में दो शादियां की थी।
दोनों पत्नियां माया देवी एवं छाया देवी एक ही साथ रहती हैं। दोनों सगी बहन भी है और सौतन भी। बड़ी पत्नी के रहते हुए उन्होंने साली को भगा कर उससे दूसरी शादी की थी. बड़ी पत्नी से एक पुत्र एवं पुत्री और छोटी पत्नी से एक पुत्र है. बड़ा बेटा का नाम अक्षय राज, छोटा बेटा का नाम अभिषेक राज और बेटी का नाम सुमन कुमारी है। अमृत दास स्व सोनेलाल दास एवं बसंती देवी का एकलौता पुत्र था। बुधवार की रात अमृत दास ने छोटी पत्नी छाया देवी के साथ मार्केटिंग की थी। इससे आक्रोशित बड़ी पत्नी माया देवी ने दोनों के घर लौटते ही रात में ही लड़ाई शुरू कर दी थी। गुरुवार रात तक लड़ाई चली। शुक्रवार की सुबह फिर लड़ाई शुरू कर दी। माया देवी ने अपने भाई बीसीसीएल कर्मी हेमंत कुमार दास को मोबाइल से राजगंज से बुला लिया। आते ही दोनों भाई-बहनों ने बसंती देवी के सामने ही अमृत दास की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई से अमृत दास जमीन पर गिर पड़े तो हेमंत उसे उठाकर कहीं लेकर चले गए। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय डॉक्टरों से दिखाने के बाद अमृत दास को एसएनएमएमसीएच से लेकर बीजीएच, बोकारो तक चले गए, परंतु सभी जगहों पर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था। शुक्रवार की सुबह अमृत दास का शव लेकर लौट आए। पुलिस को दिए आवेदन में बसंती देवी ने कहा है कि मायके वालों से मिलकर बड़ी बहू ने यह हत्या की है। बसंती देवी के आवेदन पर गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 131/ 2026, दिनांक 01.05. 2026 अंकित कर भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत हत्या का मामला धारा 103 (1)/3 (5) दर्ज किया है.अनुसंधान का दायित्व पुअनि मनोज कुमार को सौंपा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार की देर रात खुदिया श्मशान घाट पर अंतिम क्रिया की गई। मुखाग्नि दोनों पुत्रों ने मिलकर दी। मृत्यु की खबर सुनकर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, जिप सदस्य सोहराब अंसारी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष जहीर अंसारी, भाजपा नेता बलराम साव, रतिरंजन गिरि, किशन महाराज, झामुमो नेता एजाज अहमद, अमजद अंसारी, मजीद अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे और संवेदना व्यक्त की।