इलाज के दौरान कोलकर्मी की मौत, पुत्र को मिला प्रोविजनल नियोजन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के बरोरा एरिया वन क्षेत्र के एएमपी कोलियरी में कार्यरत हेड चैनमैन बच्चू रजवार (55) की मौत मंगलवार को केंद्रीय हॉस्पिटल, धनबाद में इलाज के दौरान हो गई। वह कुबरी आमटांड खरियों के निवासी थे। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। परिजनों के मुताबिक ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर बच्चू रजवार निजी वाहन से केंद्रीय हॉस्पिटल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजन शव लेकर यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बरोरा क्षेत्र के परियोजना पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे और गेट पर धरना दे दिया। यूनियन ने मृतक के आश्रित पुत्र को तत्काल प्रोविजनल नियोजन देने की मांग की। सूचना पाकर बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो मौके पर पहुंचे। लंबी वार्ता के बाद विधायक के हस्तक्षेप से प्रबंधन और यूनियन में सहमति बनी। परियोजना पदाधिकारी टी एस चौहान, एरिया प्रबंधक प्रशासन हेमंत कुमार हेना और विधायक की मौजूदगी में मृतक के बड़े पुत्र रूपलाल रजवार को प्रोविजनल नियुक्ति पत्र सौंपा गया। अन्य देय राशि नियमानुसार भुगतान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर दाह संस्कार के लिए रवाना हुए। मौके पर मंगल हेमब्रम, संतोष गोराइ, संजय कुमार सिंह, मनोज साव, रामस्वरूप मिश्रा, रामस्वरूप मिश्रा, अमरेंद्र कुमार, प्रेम लाल रजवार,कार्तिक रजवार, सुभाष रजवार, भोला रजवार, धनेश्वर रजवार, बजरंग रजवार समेत कई लोग मौजूद थे।