एक माह में पाइप लाइन कार्य शुरू करने का हर्ल प्रबंधन ने दिया भरोसा

Advertisements

एक माह में पाइप लाइन कार्य शुरू करने का हर्ल प्रबंधन ने दिया भरोसा

विधायक चंद्रदेव महतो ने वार्ता के बाद स्थगित किया धरना

डीजे न्यूज तिसरा, धनबाद : सिंदरी बस्ती में पेयजल समस्या को लेकर CPI(ML) के बैनर तले सिंदरी सेटलिंग टैंक के गेट के समक्ष चल रहे धरना-प्रदर्शन के तीसरे दिन एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई। हर्ल प्रबंधन के आग्रह पर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन कक्ष पहुँचा, जहाँ विधायक चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में सार्थक वार्ता हुई।

वार्ता में हर्ल प्रबंधन की ओर से बीयूएच गौतम माजी, वरिष्ठ प्रबंधक विक्रांत कुमार और मुख्य सुरक्षा अधिकारी समेंद्र उपस्थित रहे। चर्चा के बाद प्रबंधन ने लिखित सहमति पत्र सौंपते हुए आश्वासन दिया कि सिंदरी बस्ती में नई पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एक माह के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, अंतरिम व्यवस्था के तहत मौजूदा पाइपलाइन से एक से दो अस्थायी कनेक्शन देने की बात भी कही गई।

विधायक चंद्रदेव महतो ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार भी आश्वासन पर अमल नहीं हुआ, तो ग्रामीणों का आंदोलन और उग्र होगा तथा हर्ल गेट पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

धरना का नेतृत्व कर रहे कॉमरेड छोटन चटर्जी ने कहा कि नौ महीने पहले हुई वार्ता के बावजूद अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी और कार्य शुरू होने को लेकर भ्रम फैलाया जाता रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने इस सहमति को आंशिक राहत माना, लेकिन उनके बीच अब भी नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

गौरतलब है कि हर्ल प्रबंधन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद सिंदरी सेटलिंग टैंक गेट के समक्ष चल रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। वार्ता में कॉमरेड छोटन चटर्जी, सुरेश प्रसाद, राजीव मुखर्जी, मिथुन मंडल, जयदेव पाल, भैरव मंडल, धनंजय, तापस, मिठू, पीयूष, बसंत, टुंपा चटर्जी, जोबा मल्लिक समेत कई ग्रामीण प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top