गोविंदाडीह में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, कई घर जलकर राख लाखों का नुकसान

Advertisements

गोविंदाडीह में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, कई घर जलकर राख

लाखों का नुकसान

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के गोविंदाडीह गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने से कई घरों और दुकानों में भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि मुकताज अंसारी के घर के ऊपर से गुजर रही 220 वोल्ट बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह हादसा हुआ।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर के साथ-साथ दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के कुछ घंटे बाद दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों की जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top