कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच लें प्रतियोगिता परीक्षा : देवघर उपायुक्त 

Advertisements

कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच लें प्रतियोगिता परीक्षा : देवघर उपायुक्त 

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने परीक्षा से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अपने दायित्वों का गंभीरता और सतर्कता के साथ निर्वहन करें।

उपायुक्त ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जोनल मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करने और केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रश्न पत्रों के समय पर वितरण और परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संग्रहण एवं प्रेषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गश्ती दल को लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि नकल या कदाचार की किसी भी संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर जैमर, अग्निशमन वाहन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने, साथ ही आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जो परीक्षा सामग्री के सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top