
मंत्री सुदिव्य ने बारामुड़ी में निर्मित 320 आवासों का किया लोकार्पण
डीजे न्यूज, धनबाद:
धनबाद नगर निगम की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बारामुड़ी में निर्मित 320 आवासों का लोकार्पण शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया।
धनबाद के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित लाभार्थियों को चाबी सौंपी गई। इस अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, धनबाद विधायक राज सिन्हा उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को गरीबों को गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर देने वाला बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगर आयुक्त रवि राज शर्मा ने उदघाटन भाषण के माध्यम से योजना की संक्षिप्त जानकारी एवं परियोजना की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण दी।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने अपने संबोधन में शहरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला और बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार धनबाद के समग्र विकास हेतु कृतसंकल्प है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में धनबाद को और अधिक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
परियोजना का विवरण
कुल स्वीकृत आवास: 320
परियोजना लागत: ₹19.64 करोड़
परियोजना की मुख्य सुविधाएं
पेयजल एवं विद्युत कनेक्शन, समुचित सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटिंग, वर्षा जल संचयन, हरित वातावरण एवं सामुदायिक ढांचा।