पीरटांड़ में जनगणना की तैयारी तेज, प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को मिला प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारी के तहत प्रखंड सभागार, पीरटांड़ में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्हें घर-घर जाकर सही एवं सटीक आंकड़े संग्रह करने, निर्धारित प्रपत्रों को भरने तथा समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
कार्यक्रम में सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक रंथु महतो भी विशेष रूप से मौजूद थे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ पूरा करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को क्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।