22 सितंबर को निकलेगी निशान-पालकी शोभायात्रा, दो दिन तक भजनों से भक्तिमय रहेगा रामबाग

22 सितंबर को निकलेगी निशान-पालकी शोभायात्रा, दो दिन तक भजनों से भक्तिमय रहेगा रामबाग

डीजे न्यूज, गिरिडीह : श्री श्याम सेवा मंडल (रजि.), गिरिडीह की ओर से श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का 47वां वार्षिक महोत्सव 22 एवं 23 सितंबर को श्री महावीर कुटिया मंदिर प्रांगण, कुटिया रोड, रामबाग में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

महोत्सव के पहले दिन 22 सितंबर, मंगलवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे भव्य निशान एवं पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त निशान लेकर बाबा की पालकी के साथ शामिल होंगे।

22 सितंबर की रात्रि से 23 सितंबर तक अखंड भजन-कीर्तन होगा। जयपुर के अमित नामा, गिरिडीह के आकाश परिचय, कोलकाता के अभिषेक सिंघल और सोनभद्र के संजीव शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे। संगीत संयोजन शिवम म्यूजिकल ग्रुप, कोलकाता और रॉकी म्यूजिकल ग्रुप, देवघर द्वारा किया जाएगा।

महोत्सव के दौरान बाबा का भव्य श्रृंगार, आकर्षक दरबार और अखंड ज्योत श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा सवामणी और छप्पन भोग भी आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि दो दिनों तक रामबाग क्षेत्र बाबा श्याम के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहेगा।

श्री श्याम सेवा मंडल ने श्रद्धालुओं से परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ महोत्सव में शामिल होने और बाबा श्री श्याम के दर्शन एवं भजन-कीर्तन का लाभ उठाने की अपील की है।

महोत्सव को सफल बनाने में संयोजक संजय कुमार भुदौलिया, सह-संयोजक किशन अग्रवाल, अध्यक्ष बाँके बिहारी शर्मा, उपाध्यक्ष मनोज खण्डेलवाल, सचिव कुणाल कुमार मोदी, सह-सचिव संजय शर्मा (CA), कोषाध्यक्ष प्रभात खेतान एवं सह-कोषाध्यक्ष नारायण सौंधालिया सहित आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top