22-23 अगस्त को मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता सूची में दावा-आपत्ति का मिलेगा मौका

22-23 अगस्त को मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता सूची में दावा-आपत्ति का मिलेगा मौका

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 एवं 23 अगस्त को द्वितीय विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इस कैंप में आम नागरिक प्रारूप मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकेंगे तथा आवश्यकता होने पर दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इस सूची के संबंध में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर तक निर्धारित है। इसी क्रम में 22 और 23 अगस्त को विशेष कैंप आयोजित कर पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार से जुड़ी जानकारी जांचने और आवश्यक सुधार कराने का अवसर दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र एवं निष्पक्ष लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों को कैंप के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, पता एवं अन्य विवरण अवश्य जांचें। किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं होने अथवा किसी प्रविष्टि में त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, मृत अथवा अपात्र व्यक्ति के नाम जैसी त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में भी नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

बीएलओ और कर्मी रहेंगे मौजूद

विशेष कैंप के दौरान सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं अन्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने में आवश्यक सहयोग भी दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने युवा एवं नए मतदाताओं, महिला मतदाताओं तथा ऐसे सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। प्रशासन का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, समावेशी, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top