20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
बंगाल से देवघर तक फैला था सप्लाई नेटवर्क, चार आरोपी गिरफ्तार
डीजे न्यूज, देवघर : जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला से ब्राउन शुगर लाकर देवघर में सप्लाई करता था। इसे लेकर एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गयी। बताया कि नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले गिरफ्तार अभियुक्त निरज कुमार महथा पर नगर थाना में पांच मामले दर्ज हैं। जबकि मोहनपुर थाना क्षेत्र के लातेसार निवासी रोहित कुमार पर साइबर थाना में मामला दर्ज है। बताया कि इन सबों के पास से मिले मोबाइल में कई और सप्लायर के नाम मिले हैं जिसे जल्द ही छापेमारी कर गिरफ्तार किया जायेगा। बताया कि बगांल के विरभूम से सड़क मार्ग से ब्राउन शुगर लाकर यहां चेन के माध्यम से सप्लाई करते थे।
गुप्त सूचना पर रात में की गई छापेमारी
बताते चलें कि 17 मई की रात्रि करीब 12:15 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि बंगाल से ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले कुछ लोग मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई।
बंगाल से कार से पहुंचे सप्लायर, स्थानीय खरीदार भी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला के दुबराजपुर थाना क्षेत्र निवासी शेख इस्ताजुल और मीर समद एक काले रंग की आई-टेन कार से पहुंचे थे। वहीं देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के लतासारे गांव निवासी रोहित कुमार और नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी निरज कुमार महथा मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे। पुलिस ने मौके से सभी चारों को गिरफ्तार कर लिया।
102 ग्राम ब्राउन शुगर, नकद व वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पैकेट ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन करीब 102.14 ग्राम है, बरामद किया। इसके अलावा 1,49,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक आई-टेन कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में खुलासा, कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वीरभूम जिला के दुबराजपुर थाना क्षेत्र से यह गिरोह पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार सहित कई राज्यों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था। सप्लाई के बाद इसे छोटे-छोटे पुड़ियों में बांटकर स्थानीय बाजारों में बेचा जाता था।
छापेमारी दल में कई अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी शाखा के प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के पुअनि प्रियरंजन कुमार, पुअनि स्वेत प्रकाश दूबे, पुअनि घासीराम मार्डी, सअनि मुकेश कुमार सिंह, तकनिकि शाख के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार, प्रभात कुमार, रामकुमार साह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।