योगीटांड़ में NH-114A के धंसने पर CCL का जवाब, अवैध खनन को बताया भू-धसान की वजह

योगीटांड़ में NH-114A के धंसने पर CCL का जवाब, अवैध खनन को बताया भू-धसान की वजह

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग NH-114A पर योगीटांड़, गिरिडीह स्टेडियम के समीप सड़क के नीचे बने भूमिगत गोफ और क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर सुनील खंडेलवाल की ओर से कोयला मंत्रालय के सचिव को भेजी गई शिकायत पर CCL गिरिडीह ने जवाब दिया है। CCL ने 16 सितंबर 2026 को दिए जवाब में सड़क की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की बताई है।

CCL के अनुसार, संबंधित सड़क उसके लीज-होल्ड क्षेत्र से होकर गुजरती है, लेकिन इसका निर्माण NHAI द्वारा कराया गया है। ऐसे में सड़क की मरम्मत, सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की है।

CCL ने अपने जवाब में यह भी कहा है कि उसके द्वारा किए जा रहे वैध खनन कार्यों के कारण किसी प्रकार का भू-धसान नहीं होता है। कंपनी के अनुसार, इस मार्ग पर भू-धसान की घटनाएं अवैध खनन और उससे जुड़े अवैध कारोबार के कारण होती हैं। CCL ने राज्य सरकार से अवैध खनन और अवैध कोयला कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता बताई है।

इधर, सुनील खंडेलवाल ने कहा कि CCL के जवाब से यह स्पष्ट है कि मामले में CCL, NHAI और राज्य प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि NH-114A पर लगातार यातायात रहने के कारण सड़क की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्थल का तकनीकी निरीक्षण जरूरी है।

उन्होंने योगीटांड़ क्षेत्र में सड़क के नीचे मौजूद गोफ की स्थिति का तकनीकी आकलन कराने, संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल सुरक्षा उपाय करने और सड़क की स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी संभावित दुर्घटना या जनहानि का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top